महोबा। जिले में खनिजों के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने नई पहल की है। जिलाधिकारी ने ग्राम खरका में नया खनिज चेक पोस्ट स्थापित करने के निर्देश दिए हैं, जिससे मध्य प्रदेश की सीमा से आने वाले वाहनों की सघन जांच की जा सकेगी।
एमपी सीमा से आने वाले वाहनों पर निगरानी
जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान बताया कि कई वाहन मध्य प्रदेश से गिट्टी लेकर महोबा के रास्ते अन्य जिलों में जा रहे हैं। इनकी जांच और निगरानी के लिए नया चेक पोस्ट जरूरी है। इस चेक पोस्ट के बनने से खनिज चोरी और अवैध परिवहन पर रोक लगेगी।
क्रशर प्लांटों और सड़कों के मुद्दे पर भी हुई चर्चा
बैठक में कबरई के क्रशर प्लांटों को पर्याप्त बिजली आपूर्ति न मिलने और महोबा–कबरई एनएचएआई रोड की जर्जर स्थिति पर भी चर्चा हुई। डीएम ने बिजली निगम के अधिकारियों को एक सप्ताह में निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों की खराब हालत को शीघ्र दुरुस्त किया जाए ताकि खनिज परिवहन प्रभावित न हो।
जल आपूर्ति और मंडी सड़कों की मरम्मत पर भी दिए निर्देश
डीएम ने जल निगम नगरीय विभाग को निर्देश दिए कि कबरई कस्बे में बन रही पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की 20 नवंबर तक टेस्टिंग कर फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही नई मंडी और पचपहरा मंडी की खराब सड़कों को जल्द ठीक कराने के आदेश दिए गए।
खनिज अधिकारी को रिपोर्ट सौंपने के निर्देश
खनिज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि खरका में चेक पोस्ट निर्माण और क्षेत्र में खनिज परिवहन व्यवस्था की स्थिति पर एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें। प्रशासन का मानना है कि यह कदम खनिज राजस्व बढ़ाने और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी साबित होगा।

0 टिप्पणियाँ