Chhatarpur: प्राइवेट स्कूल की वैन में लगी आग के मामले पुलिस पहुची जांच करने, गैस रिफिलिंग के दौरान लगी थी आग

छतरपुर जिले के चंदला क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक निजी स्कूल की वैन में गैस भरते दौरान अचानक आग लग गई। यह घटना सरबई मार्ग पर संचालित ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल परिसर में सामने आई। आग स्कूल की मारुति वैन में लगी, जिसका उपयोग बच्चों को लाने और ले जाने के लिए किया जाता है।

बच्चों की मौजूदगी न होने से टली अनहोनी

घटना के समय राहत की बात यह रही कि वैन के अंदर न तो कोई बच्चा मौजूद था और न ही चालक बैठा हुआ था। सभी बच्चे स्कूल के अंदर कक्षाओं में थे। यदि यह घटना कुछ समय पहले या बाद में होती, तो हालात बेहद गंभीर हो सकते थे। आग लगते ही वैन धूं-धूं कर जलने लगी और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।

स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बुझी आग

आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाई और मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि वैन को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बना रहा।

एलपीजी से चल रही वैनों पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में एलपीजी गैस सिलिंडर से चलने वाले वाहन खुलेआम संचालित हो रहे हैं, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। नियम-कानून की बातें अक्सर होती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति कुछ और ही नजर आती है।

प्रशासनिक कार्रवाई पर जताई आशंका

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि ऐसी घटनाओं के बाद कुछ समय तक ही सक्रियता दिखाई जाती है, फिर हालात पहले जैसे हो जाते हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो इस तरह के वाहन किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। लोगों ने मांग की है कि स्कूली वाहनों की नियमित जांच हो और अवैध रूप से गैस से चल रहे वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ