गांव-गांव, पांव-पांव यात्रा संग फिर से गूंजी पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग

बबेरू। पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर बुंदेलखंड संयुक्त मोर्चा के बैनर तले निकाली जा रही पदयात्रा को जिले में लोगों का लगातार समर्थन मिल रहा है। इस यात्रा का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को रोजगार दिलाना, पलायन की समस्या को रोकना और बुंदेलखंड के समग्र विकास की मांग को मजबूत करना है।

पदयात्रा का नेतृत्व फिल्म अभिनेता राजा बुंदेला और किसान नेता जयराम सिंह बछेउरा कर रहे हैं। बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय ने युवाओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर अलग बुंदेलखंड राज्य की मांग को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि यदि अलग राज्य का गठन होता है तो क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों का लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, जिससे पलायन में कमी आएगी।

यात्रा संयोजक जयराम सिंह बछेउरा ने बताया कि यह पदयात्रा जिले के सभी आठ विकास खंडों से होकर गुजरेगी। 15 मार्च को यह यात्रा बांदा के रामलीला मैदान पहुंचेगी, जहां आयोजित होने वाली विशाल जनसभा में अलग बुंदेलखंड राज्य के लिए जोरदार आवाज बुलंद की जाएगी।

इस दौरान यात्रा प्रबंधक नीरज निगम, डॉ. आश्रय सिंह, डालचंद्र मिश्रा, दुर्गेश सिंह, राममिलन सिंह, प्रभाकर पटेल, शैलेंद्र जौहरी, नीरज पांडे, अमित यादव, तेज यादव और सुनील यादव समेत कई लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ