सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका: MP में नर्सिंग ऑफिसर और सिस्टर ट्यूटर के 2,646 पद





भोपाल। मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य विभाग को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने नर्सिंग ऑफिसर और सिस्टर ट्यूटर के कुल 2,646 पदों पर संयुक्त भर्ती परीक्षा-2026 का नोटिफिकेशन जारी किया है। यह भर्ती लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत होगी, जिससे प्रदेश के सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में नर्सिंग सेवाओं को बड़ा सहारा मिलेगा।


कब से कब तक कर सकते हैं आवेदन?


आवेदन प्रक्रिया 6 अप्रैल 2026 से शुरू होगी और इच्छुक उम्मीदवार 20 अप्रैल 2026 तक अपना आवेदन ऑनलाइन माध्यम से जमा कर सकेंगे। इसके बाद 25 अप्रैल 2026 तक आवेदन पत्र में संशोधन का अवसर दिया जाएगा। लिखित परीक्षा 15 मई 2026 से आयोजित की जाएगी।


कितने पद हैं और कहाँ होंगी तैनातियाँ?

भर्ती में कुल 2,646 पदों को शामिल किया गया है, जिनमें नर्सिंग ऑफिसर के 2,210 पद और सिस्टर ट्यूटर के 218 पद शामिल हैं। नर्सिंग ऑफिसर के इन पदों में से 1,256 सरकारी अस्पतालों के लिए होंगे, जबकि 954 पद सरकारी मेडिकल कॉलेजों के लिए निर्धारित किए गए हैं।


कितनी मिलेगी सैलरी?


इस भर्ती के तहत चयनित उम्मीदवारों को नियमित तृतीय श्रेणी के पद पर रखा जाएगा। नर्सिंग ऑफिसर को लेवल-7 के अनुसार 28,700 रुपए प्रतिमाह वेतनमान मिलेगा। वहीं, सिस्टर ट्यूटर के पद पर चयनित अभ्यर्थियों को लेवल-9 के तहत 36,200 रुपए मासिक वेतन दिया जाएगा।


कौन कर सकता है आवेदन? (योग्यता)


नर्सिंग ऑफिसर के लिए आवेदक की 12वीं PCB विषय से पास होना अनिवार्य है। साथ ही, उसके पास बीएससी नर्सिंग या पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की डिग्री होनी चाहिए। इसमें न्यूनतम 45% अंक होने चाहिए, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 5% की छूट दी गई है। मध्यप्रदेश नर्सिंग काउंसिल में रजिस्ट्रेशन भी अनिवार्य है।


सिस्टर ट्यूटर के लिए भी 12वीं PCB और बीएससी नर्सिंग/पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की डिग्री जरूरी है, लेकिन इसके अतिरिक्त कम से कम 1 वर्ष का अनुभव होना चाहिए। साथ ही, नर्सिंग काउंसिल में पंजीयन भी अनिवार्य है।


कितनी देनी होगी फीस?


सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन के लिए 500 रुपए शुल्क देना होगा। मध्यप्रदेश के SC, ST, OBC, EWS और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क 250 रुपए निर्धारित किया गया है। बैकलॉग पदों के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा, पोर्टल शुल्क कियोस्क से आवेदन करने पर 60 रुपए और स्वयं लॉगिन करने पर 20 रुपए अलग से देने होंगे।


परीक्षा का पैटर्न क्या होगा?


भर्ती परीक्षा में 100 प्रश्न पूछे जाएंगे, प्रत्येक प्रश्न 1 अंक का होगा। परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी। प्रश्न पत्र में दो भाग होंगे – पहले भाग में सामान्य ज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, गणित और विज्ञान से 25 अंक के प्रश्न होंगे, जबकि दूसरे भाग में नर्सिंग विषय से 75 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी – पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर 3 से 5 बजे।


किन नियमों का रखना होगा ध्यान?


परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा। इसके अलावा, आवेदन के लिए आधार आधारित पंजीयन और रोजगार कार्यालय में जीवित पंजीयन भी जरूरी है।


चयन कैसे होगा?


चयन पूरी तरह से लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर बनाई जाने वाली मेरिट सूची के अनुसार होगा। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 50% अंक और आरक्षित वर्ग के लिए 40% अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। मेरिट सूची तैयार होने के बाद नियुक्ति विभाग की आवश्यकता और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर की जाएगी।


यह भर्ती मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यरत नर्सिंग पेशेवरों के लिए एक सुनहरा अवसर है। इच्छुक उम्मीदवार समय रहते अपनी योग्यता सुनिश्चित करें और ऑनलाइन आवेदन करें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ