झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में अलग बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। आज बुंदेलखंड राज्य निर्माण मोर्चा के अध्यक्ष भानु सहाय और कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बुंदेलखंड लंबे समय से विकास की मुख्यधारा से पीछे रहा है। क्षेत्र में पानी की कमी, बेरोजगारी और पलायन जैसी समस्याएं आज भी गंभीर बनी हुई हैं। उनका आरोप है कि वर्षों से अलग राज्य बनाने की मांग उठाई जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार से मांग की कि बुंदेलखंड को अलग राज्य का दर्जा देकर क्षेत्र के समग्र विकास का रास्ता खोला जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
गौरतलब है कि बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग लंबे समय से विभिन्न संगठनों द्वारा उठाई जाती रही है और समय-समय पर इसे लेकर विरोध प्रदर्शन भी होते रहे हैं।
0 टिप्पणियाँ