झांसी में SSP सख्त: वाहन चोरी न रोक पाने पर थानेदारों को चेतावनी

झांसी: झांसी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबी जीटीएस मूर्ति ने मंगलवार को आयोजित मैराथन क्राइम मीटिंग में कानून-व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया। करीब तीन घंटे चली इस बैठक में उन्होंने वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए संबंधित थानेदारों को कड़ी चेतावनी दी।


एसएसपी ने साफ कहा कि यदि वाहन चोरी पर जल्द अंकुश नहीं लगाया गया तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थानों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का शीघ्र खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाए।

बैठक में साइबर अपराध, आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण, महिला अपराध, एससी-एसटी अधिनियम, टॉप-10 अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी जैसे अहम बिंदुओं की समीक्षा की गई। साथ ही तकनीकी पुलिसिंग को मजबूत करने, यक्ष एप और ई-साक्ष्य एप के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर दिया गया।

एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं के निपटारे, मुकदमों में साक्ष्य मजबूत करने और ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत प्रभावी पैरवी कर अपराधियों को सजा दिलाने के भी निर्देश दिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ