बांदा में सीएम का बड़ा बयान: बुंदेलखंड बनेगा ‘धरती का स्वर्ग’, निवेश से रुकेगा पलायन

बांदा: बांदा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड के विकास को लेकर बड़ा विजन पेश किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बढ़ते निवेश के कारण अब पलायन पर रोक लग रही है और आने वाले समय में यहां रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। एक जनपद-एक उत्पाद योजना के तहत शजर पत्थर ने बुंदेलखंड को नई पहचान दी है, जिसकी गिनती अब कीमती रत्नों में हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड को बीडा (BIDA) के रूप में बड़ी सौगात मिलने जा रही है, जिससे यहां उद्योग और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही यहां नौकरी मांगने के बजाय देने वाले युवा तैयार होंगे।

विकास और विरासत को साथ लेकर चलने की बात करते हुए सीएम ने कहा कि अच्छे जनप्रतिनिधियों की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले विकास कार्यों में बाधाएं डाली जाती थीं, लेकिन अब लगातार प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि 2017 के बाद अवैध कब्जों और माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाकर 64 हजार एकड़ जमीन खाली कराई गई, जिस पर अब निवेश हो रहा है। साथ ही विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने युवाओं को रोजगार देने के बजाय गलत रास्तों पर धकेला।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश में अब तुष्टीकरण की राजनीति नहीं चलती, बल्कि सभी को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अंत में उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में मेडिकल कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय और अन्य विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं, और सही नेतृत्व के साथ यह क्षेत्र जल्द ही ‘धरती का स्वर्ग’ बनकर उभरेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ