झांसी: झांसी में पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का खुलासा किया है, जो एआई से बनाई गई खूबसूरत युवतियों की तस्वीरों के जरिए शादी का झांसा देकर लोगों से ठगी कर रहा था। यह गिरोह ‘शादी संस्था डॉट कॉम’ के नाम से राय कॉलोनी में पिछले दो वर्षों से सक्रिय था और अब तक एक हजार से अधिक लोगों को निशाना बना चुका है।
जांच में सामने आया है कि गिरोह के बैंक खातों में करीब 41 लाख रुपये का लेनदेन हुआ। पुलिस ने छत्तीसगढ़ निवासी मास्टरमाइंड हलधर साहू समेत 9 युवतियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एआई जनरेटेड तस्वीरों वाले एल्बम भी बरामद हुए हैं। सभी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
एसीपी अरीबा नोमान के अनुसार, गिरोह सोशल मीडिया, मैट्रिमोनियल वेबसाइट्स और अखबारों के विज्ञापनों के जरिए लोगों के मोबाइल नंबर जुटाता था। खासतौर पर 40 से 48 वर्ष के अविवाहित और नौकरीपेशा लोगों को टारगेट किया जाता था।
गिरोह की टेलीकॉलर युवतियां खुद को मैरिज काउंसलर या रिलेशनशिप एडवाइजर बताकर पहले व्यक्ति की आर्थिक स्थिति का पता लगाती थीं। इसके बाद फर्जी प्रोफाइल, एआई से तैयार तस्वीरें और बनावटी पारिवारिक जानकारी भेजकर उन्हें अपने जाल में फंसाया जाता था।
इसके बाद दूसरी युवती शादी के लिए तैयार होने का भरोसा दिलाकर ‘गोल्ड’, ‘सिल्वर’ और ‘प्लेटिनम’ पैकेज के नाम पर 5 हजार से 20 हजार रुपये तक वसूलती थी। इस तरह सुनियोजित तरीके से लोगों को ठगी का शिकार बनाया जाता था।
0 टिप्पणियाँ