नगर निगम ने स्मार्ट सिटी के लिए काट दी 35 लाख की लागत से बनाई हुई सड़क



झांसी। नगर निगम और स्मार्ट सिटी के अधिकारियों में समन्वय का अभाव नजर आ रहा है। एक तरफ जहाँ नगर निगम सड़कें बना रहा है, उसे स्मार्ट सिटी के लिए काट दिया जा रहा है। इलाइट चौराहे से इलाहाबाद बैंक चौराहा मार्ग पर सप्ताहभर पहले 35 लाख रुपये से बनाई गई सड़क को स्मार्ट सिटी के लिए काट दिया गया। इसे लेकर पार्षदों ने रोष जताया, जिसके चलते पार्षदों ने इसे विधायक के निर्देशों की अवहेलना करार दिया है।
दरअसल, महानगर में मौजूदा समय में पेयजल पाइपलाइन, स्मार्ट सिटी के लिए निजी कंपनियां केबल डालने का काम कर रही हैं। बीते दिनों सदन की बैठक में तय किया गया था कि नगर निगम अधिकारी किसी भी सड़क पर निर्माण कराने से पहले जल निगम और स्मार्ट सिटी से अंडरग्राउंड केबल और पाइपलाइन डालने का नक्शा लेंगे, ताकि एक साथ सड़क बनाई जा सके। इसे लेकर सदर विधायक ने भी अधिकारियों को निर्देश दिए थे। लेकिन महानगर में सड़कों को बनाने के बाद काटा जा रहा है। 
नगर निगम ने सप्ताहभर 35 लाख रुपये की लागत से इलाइट चौराहे से इलाहाबाद बैंक चौराहा जाने वाले मार्ग का डामरीकरण कराया था, जिसे स्मार्ट सिटी के तहत कैमरे लगाने के लिए काट दिया गया। जबकि नगर निगम और स्मार्ट सिटी के अधिकारी एक ही कार्यालय में बैठते हैं और नगर निगम के अधिकारियों पर ही स्मार्ट सिटी का जिम्मा है। ऐेसे में दोनों विभागों के बीच समन्वय का अभाव नजर आ रहा है। मामले को लेकर पार्षदों ने रोष जताया। पार्षदों ने इसे सदर विधायक के निर्देशों की अवहेलना करार दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ