गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन (Boris Johnson) ने भारत दौरा रद्द कर दिया है. उन्होंने यह फैसला ब्रिटेन में दोबारा से फैले कोरोना वायरस के कारण लिया है.
नई दिल्ली: भारत के गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि बनकर दिल्ली आ रहे ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन (Boris Johnson) ने अपना दौरा रद्द कर दिया है. उन्होंने यह फैसला ब्रिटेन (Britain) में दोबारा से फैल रहे कोरोना और लगे लॉकडाउन की वजह से लिया. उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) को कॉल करके भारत न आ पाने के लिए खेद भी जताया.
पीएम मोदी ने जॉनसन को मदद का भरोसा दिलाया
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने बोरिस जॉनसन (Boris Johnson) को कॉल करके उन्हें इस बार के गणतंत्र दिवस (Republic Day 2021) के समारोह में मुख्य अतिथि बनने के लिए आमंत्रित किया था. जिसे उन्होंने खुशी के साथ स्वीकार करते हुए पीएम मोदी को धन्यवाद कहा था. साथ ही इस साल ब्रिटेन में हो रही G-7 की समिट के लिए पीएम मोदी को न्योता दिया था. जिसे पीएम मोदी ने भी कबूल कर लिया था.
वर्ष 1993 में आखिरी बार गणतंत्र दिवस पर भारत आए थे ब्रिटिश पीएम
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन (Boris Johnson) के न्योता स्वीकार करने पर भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इसे दोनों देशों के संबंधों में नए युग की शुरुआत बताया था. इससे पहले वर्ष 1993 में ब्रिटेन के तत्कालीन प्रधानमंत्री जॉन मेजर गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि बनकर भारत आए थे. उसके बाद से दोनों देशों के रिश्तों में ठंडापन शुरू हो गया और अगले 27 सालों तक ब्रिटेन के किसी पीएम को भारत के रिपब्लिक डे में मुख्य अतिथि नहीं बनाया गया.

0 टिप्पणियाँ