मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए एक मई से चित्रकूट में एक कदम सुरक्षित मातृत्व अभियान चलाया जाएगा। अभियान में गर्भावस्था और प्रसव के उपरांत महिलाओं के पोषण पर विशेष जोर दिया जाएगा। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर गर्भवती और धात्री महिलाओं को चिन्हित कर सूची तैयार करेंगी, जिससे सेहत को लेकर उनका फॉलोअप किया जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेश द्विवेदी ने बताया कि पहली से 31 मई तक चलने वाले अभियान में प्रत्येक गर्भवती व धात्री तक आयरन, कैल्शियम, एलबेंडाजोल, व फोलिक एसिड की उपलब्धता और दवाओं का सेवन सुनिश्चित करने का कार्य होगा। साथ ही प्रसव पूर्व जांचों तथा समय से गोलियों के सेवन के लिए भी जागरूक किया जाएगा।
घर-घर जाकर चिंह्नित की जाएंगी महिलाएं
अभियान में मातृ पोषण के लिए आवश्यक दवाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया की मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए अगले माह ‘ एक कदम सुरक्षित मातृत्व की ओर’ अभियान संचालित होगा। मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत चलने वाले इस अभियान में गर्भावस्था और प्रसव के बाद महिलाओं के पोषण पर विशेष जोर रहेगा। अभियान के तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर गर्भवती और धात्री महिलाओं को चिन्हित एवं सूची तैयार करेंगी।
जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता अरुण कुमार ने बताया कि एक कदम सुरक्षित मातृत्व की ओर' अभियान के तहत मिलने वाली सेवा सभी स्वास्थ्य इकाईयों, ओपीडी और आईडीपी, छाया ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस (सीवीएचएसएनडी),पीएमएसएमए तथा पीएमएसएमए प्लस एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला के माध्यम से भी दी जायेगी।
साभार- भास्कर

0 टिप्पणियाँ