ग्वालियर में सेना का अफसर बनकर एक युवक और उसके परिवार ने व्यवसायी परिवार में सगाई पक्की की। लड़के के पिता ने बेटे को सेना की राजपूत रेजीमेंट में लेफ्टीनेंट बताते हुए समाचार पत्र में उसके सिलेक्शन के दौरान छपे फोटोग्राफ्स भी दिखाए। दोनों को रोका भी हो गया और लड़का-लड़की की आपस में बातचीत होने लगी। इसी बीच लड़की के पिता को पता लगा कि लड़का सेना में कोई अफसर नहीं है।
उन्होंने रिश्ता तोड़ते हुए रोका में दिए गए सोने के उपहार वापस मांगे। पोल खुली तो लड़का, लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। घटना बहोड़ापुर के कोटेश्वर मोहल्ला की है। लड़की का पिता थाने पहुंचा और अपने साथ हुए धोखे की शिकायत की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
बहोड़ापुर कोटेश्वर मोहल्ला में पास रहने वाले सुरेन्द्र सिंह राठौर ने शिकायत की है कि एक साल पहले उनकी मुरैना दुर्गादास पार्क इस्लामपुरा निवासी गुड्डू राठौर से बेटी के संबंध के लिए बातचीत हुई थी। और गुड्डू ने बताया कि उनका बेटा सुनील सेना की राजपूत रेजीमेंट में लेफ्टीनेंट है। इसके बाद बातचीत आगे बढ़ी और लड़क-लड़की ने भी एक दूसरे को पसंद कर लिया। जिसके बाद रिश्ता पक्का कर दिया गया। सुनील के पिता ने बेटे के सेना का आईडी कार्ड, उसके सिलेक्शन के समय अखबार में छपे फोटो व वर्दी में फोटो दिखाए। सुनील भी अपनी होने वाली ससुराल में दो से तीन बार आया तो हमेशा वर्दी में ही रहता था। जब रिश्ता पक्का हो गया तो लड़का-लड़की फोन पर आपस में बात करने लगे। इस दौरान दोनों एक-दूसरे के प्रति आकर्षित हो चुके थे। परिवार ने अच्छा समय देखकर दोनों का रोका कर दिया। जिसमें लड़की के पिता ने लड़के को अंगूठी, चेन के साथ ही सभी मेहमानों उपहार दिए थे।
होने वाला दामाद निकला फर्जी, नहीं है सेना में अफसर
इसी बीच सुरेन्द्र सिंह को शंका हुई और उन्होंने आर्मी से सुनील की जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह सेना में नहीं है। जो दस्तावेज उन्हें दिए गए थे वह सब फर्जी हंै। इसका पता चलते ही उन्होंने गुड्डू राठौर से बात की, पहले वह जानकारी गलत मानने को तैयार नहीं हुए और इसी बीच सुनील उनकी बेटी को बहला कर अपने साथ ले गया। जब लड़की के पिता को यह पता लगा तो वह सीधे थाने पहुंच गए और आरोपी सुनील और उसके पिता के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। जिस पर जांच के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
पता लगते ही कहा, जो कर सकते है और कर लो
जब पोल खुल गई तो लड़की पक्ष ने दबाव बनाया इस पर सुनील के पिता गुड्डू राठौर ने साफ शब्दों में कह दिया कि जो बन सके वह कर लें। वह तो इसी तरह कई बार अफसर बन चुका है। यह बात भी लड़की के पिता ने पुलिस को बताई है। पुलिस सुनील की तलाश कर रही है। जिससे लड़की को सुरक्षित किया जा सके।
पुलिस का कहना
सीएसपी रवि भदौरिया का कहना है कि एक युवक ने फर्जी लेफ्टीनेंट बनकर सगाई की और युवती को भगा ले गया है। युवक व उसके पिता के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
साभार- भास्कर

0 टिप्पणियाँ