आज यानी 3 मई, 2022 को शाम 5 बजे योगी आदित्यनाथ अपने गांव पंचूर आएंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार योगी आदित्यनाथ अपने घर आ रहे हैं। इससे पहले साल 2017 में योगी अपने घर आये थे। उस समय वह मुख्यमंत्री नहीं बने थे।
साल 2020 में पिता के देहांत के बाद योगी आदित्यनाथ कोविड प्रोटोकॉल के चलते अपने घर नहीं आ पाए थे। निश्चित तौर पर योगी और उनके परिवार के लिए आज की शाम भावुक कर देने वाली होगी। वैसे, योगी के गांव के लोगों में उनकी एक झलक पाने के लिए जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
एक तरफ योगी के स्वागत में उनका घर सजाया जा रहा है, सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम हैं। वहीं, दूसरी तरफ योगी के गांव वाले बेसब्री से योगी को देखने और उनसे मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
दैनिक भास्कर की टीम योगी आदित्यनाथ के गांव पंचूर के घर-घर तक पहुंची। लोगों से उनके एक्साइटमेंट के बारे में पूछा। कई लोग ऐसे मिले जो योगी को करीब से जानते हैं और बचपन में उनके साथ स्कूल में पढ़े हैं। उन्होंने योगी से जुड़ी कई बातें बताईं उनसे मिलने के लिए वो बहुत उत्साहित थे।पंचूर के रहने वाले महेश ने कहा कि घर में ताला लगा कर कल पूरा गांव महाराज को देखने जाएगा।
आप ऊपर वीडियो में उन सभी लोगों की बातें सुन सकते हैं और योगी के घर में किस तरह की तैयारियां चल रही हैं ये भी देख सकते हैं। योगी की सुरक्षा में तैनात कुछ सुरक्षा कर्मियों से जानकारी मिली है कि आज योगी अपने घर में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
साभार- भास्कर

0 टिप्पणियाँ