मध्य प्रदेश में एक बार फिर बारिश का सिस्टम सक्रिय हो गया है और इसका असर सागर जिले में साफ दिखाई दे रहा है। जिले के बीना शहर में पिछले 16 घंटों से लगातार हो रही बारिश के कारण हालात बेकाबू हो गए हैं। गुरुवार सुबह से लगातार बारिश जारी है, जिससे नगर समेत तहसील के कई गांवों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
बारिश के कारण बीना शहर की सड़कों पर पानी भर गया है। कई निचले इलाकों और अवैध कॉलोनियों में जलभराव हो गया है, जिससे लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। बाजारों में नालियों के जाम होने के कारण घुटनों तक पानी भर गया है और आम जन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह फेल हो गई है।
ग्रामीण अंचल का टूटा संपर्क
लगातार हो रही बारिश के कारण बीना तहसील क्षेत्र की नदियों और नालों में भी उफान आ गया है। इससे कई गांवों का मुख्यालय से सड़क संपर्क कट गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में पानी भरने से स्कूल, अस्पताल और अन्य आवश्यक सेवाओं पर भी असर पड़ा है।
साभार : अमर उजाला

0 टिप्पणियाँ