टीकमगढ़: जुड़ावन में किसान के घर से 61 बोरी खाद जब्त, कालाबाजारी के शक में जांच शुरू

टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में खाद के अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। शुक्रवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के जुड़ावन गांव में एक किसान के घर छापेमारी कर 61 बोरी खाद जब्त की गई। जब्त खाद में 28 बोरी डीएपी और 33 बोरी यूरिया शामिल है। प्रशासन अब खाद के भंडारण और उसके स्वामित्व की जांच कर रहा है।


कलेक्टर के निर्देश पर पहुंची संयुक्त टीम

जानकारी के अनुसार, कलेक्टर विवेक श्रोतिय के निर्देश पर तहसीलदार और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने जुड़ावन गांव में कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान मुल्ला पिता गट्टू चढ़ार के घर से खाद का भंडार मिला। अधिकारियों ने मौके पर खाद जब्त करते हुए पंचनामा तैयार किया और संबंधित व्यक्ति के बयान दर्ज किए।

किसान ने दूसरे व्यक्ति की बताई खाद



पूछताछ के दौरान किसान मुल्ला चढ़ार ने अधिकारियों को बताया कि घर से मिली खाद गजेंद्र रजक नाम के व्यक्ति की है। इसके बाद प्रशासन ने खाद के वास्तविक मालिक और इतनी बड़ी मात्रा में खाद जमा करने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि खाद का भंडारण किस उद्देश्य से किया गया था और इसमें नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

दोषी मिलने पर दर्ज होगी एफआईआर

यह कार्रवाई तहसीलदार सत्येंद्र सिंह गुर्जर और कृषि विस्तार अधिकारी कृष्ण प्रताप अहिरवार की मौजूदगी में की गई। कृषि विस्तार अधिकारी के अनुसार, खाद जब्त कर संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। मामले की जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।

तहसीलदार ने कार्रवाई की जानकारी कलेक्टर को दे दी है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद खाद के अवैध भंडारण और संभावित कालाबाजारी को लेकर जांच तेज हो गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ