चित्रकूट। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गांवों के विकास से ही देश आत्मनिर्भर बनेगा। इसी अवधारणा पर सरकार चल रही है जिसका परिणाम है कि बुंदेलखंड विकास की ओर बढ़ रहा है। बिना नाम लिए विपक्षियों पर कटाक्ष किया कि कुछ लोग जातिवाद, भाषावाद, उग्रवाद, आतंकवाद का समर्थन कर रहे हैं। इससे देश का भला नहीं होगा। ये बातें उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में बृहस्पतिवार को कही।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के बाद राम वन गमन मार्ग बनने से विकास की गति बढ़ेगी। किसानों की आय दोगुनी करने के लिए काम जारी है। हाल ही में बुंदेलखंड में अति बारिश से किसानों को हुए नुकसान से बचाने के लिए फसल बीमा की तारीख अब 15 अगस्त तक कर दी गई है। सीएम ने गनीवां में परमानंद आश्रम पद्धति स्कूल 10 तक संचालित करने और यमुना नदी किनारे रिवर फ्रंट बनाने की घोषणा की है।
सीएम योगी ने कहा कि लालापुर के वाल्मीकि आश्रम की तरह गोस्वामी तुलसीदास की जन्मभूमि का भी विकास किया जाएगा। संत मोरारी बापू के सानिध्य में मिनी कॉरिडोर जैसी योजना बन रही है। बुंदेलखंड का विकास कराने के लिए एक्सप्रेसवे, पेयजल, सिंचाई के साधन बढ़ाने के साथ ही युवाओं को रोजगार देने के लिए डिफेंस कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। भारत रत्न नानाजी देशमुख ने गांवों से विकास की शुरुआत की। पिछड़े चित्रकूट में ग्रामोदय विश्वविद्यालय खोला। तुलसी कृषि विज्ञान केंद्र गनीवां में खोला है। उन्होंने गोरखपुर में सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल खोला था। आज लाखों शिशु मंदिर बनाए जा रहे हैं।
यह भी कहा कि जिस प्रकार भगवान राम ने इस धरती पर वनवास के दौरान राक्षसों का अंत करने के लिए धनुष बाण उठाया। उसी प्रकार यहां के डिफेंस कॉरिडोर में बनने वाले गोले दुश्मनों का मार गिराएंगे। भगवान श्रीराम ने वनवास काल में कोल, भीलों, निषादों की सेवा का कार्य किया। आज सरकार उनकी राह पर चलकर इनकी सेवा करने का कार्य कर रही है। सभी को घर, बिजली, पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
कहा कि चित्रकूट की महिमा इतनी बड़ी है कि जब भगवान श्रीराम को 14 वर्ष का वनवास हुआ तो ऋषियों ने उनको चित्रकूट में ही रहने के लिए कहा। चित्रकूट की पावन धरा महान है। माता अनुसुइया ने वनवास काल में माता सीता को अपने जेवर दिए थे। यहां का विकास निरंतर किया जा रहा है। कुंभ मेले के दौरान यहां पर लाखों श्रद्धालु आए। उनकी सेवा यहां के निवासियों ने किया। इसका परिणाम है कि बड़ी संख्या में पर्यटक चित्रकूट आ रहे हैं जबकि एक समय था कि यहां आने से श्रद्धालु डरते थे। चित्रकूट प्रेरणा की धरती है।
सीएम योगी ने कहा कि इस बार बुंदेलखंड के किसान मूंगफली के साथ ही मूंग की फसल अच्छी उगाई है। किसान की आय में वृद्धि हो रही है। अन्ना मवेशियों की समस्या दूर करने के लिए गोशाला से एक गाय लाने पर किसानों को 1500 रुपये का महीना दिया जा रहा है। इस मौके पर संत मोरारी बापू, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, प्रभारी मंत्री मनोहरलाल उर्फ मन्नू कोरी, विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी, संतोषाचार्य जी महराज, डीआरआई के निखिल मुंडले, सचिव अभय महाजन, यंजीव मिश्रा, आदर्श मनोज द्विवेदी भी मौजूद रहे।
साभार : अमर उजाला

0 टिप्पणियाँ