Jalaun : रामपुरा में पानी का संकट होगा खत्म, गर्मियों में होगी सप्लाई

उरई। रामपुरा नगर पंचायत में लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या आने वाली गर्मियों में खत्म होने वाली है। 14 करोड़ से 800 किलोलीटर क्षमता की पानी की टंकी (ओवरहेड टैंक) और चार नलकूप बनाए जाएंगे। 40 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन हर गली तक डाली जाएगी। काम का टेंडर और सर्वे पूरा हो चुका है और बारिश के बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

योजना के तहत करीब पांच हजार नए पानी कनेक्शन दिए जाएंगे। किला वाला मोहल्ला, जवाहर नगर और सुभाष नगर जैसे क्षेत्र, जहां हर साल पानी की भारी किल्लत रहती थी, अब राहत की सांस लेंगे। अभी नगर पंचायत में पानी की दो ही टंकियां और तीन नलकूप हैं। इनमें से एक टंकी और एक नलकूप बंद पड़े हैं। करीब 45-46 साल पुरानी टंकियां जर्जर हालत में हैं। यही कारण था कि हर गर्मी में पानी के लिए लोगों को परेशान होना पड़ता था।

नगर पंचायत की आबादी करीब 25 हजार है और इसमें 10 वार्ड आते हैं। यहां थाना, स्वास्थ्य केंद्र सहित कई सरकारी दफ्तर भी हैं। पानी की किल्लत के कारण स्थानीय लोगों को अक्सर दूर-दूर से पानी लाना पड़ता था। योजना पूरी होने के बाद नगर की हर गली तक पाइपलाइन से पानी पहुंचेगा और लोगों को नलकूपों से सीधे सप्लाई मिलेगी। उत्तर प्रदेश जल निगम की ओर से बनने वाली यह नई टंकी नगर में जलापूर्ति की क्षमता को कई गुना बढ़ा देगी।

800 किलोलीटर की क्षमता का मतलब है आठ लाख लीटर पानी एक साथ जमा किया जा सकेगा। इससे गर्मियों के दिनों में भी पर्याप्त मात्रा में पानी लोगों तक पहुंच पाएगा।

नगर पंचायत अध्यक्ष गायत्री वर्मा ने बताया कि इस योजना के लिए लगातार प्रयास किए गए। आखिरकार मंजूरी मिली है। आने वाले दिनों में न सिर्फ घरों तक पानी पहुंचेगा बल्कि चौराहों पर वाटर कूलर भी लगाए जाएंगे। नगरवासियों को अब पानी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

साभार : अमर उजाला


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ