रविवार की सुबह चार बजे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। करीब तीन घंटे तक बारिश होने से सड़कें जलमग्न हो गईं। कई स्थानों पर जलभराव होने से आवागमन प्रभावित रहा। जिले में 24 घंटे में 48 एमएम बारिश दर्ज की गई।
सुबह चार बजे से सात बजे तक हुई बारिश से चारों ओर पानी ही पानी नजर आया। इससे अधिकतम तापमान दो डिग्री लुढ़ककर 29 डिग्री पर आ गया जबकि आर्द्रता 94 फीसदी व हवाओं की रफ्तार 14 किमी प्रतिघंटे दर्ज की गई। बारिश के चलते सीएचसी पनवाड़ी में जलभराव होने से स्वास्थ्य सेवाएं बाधित हुईं। मरीजों व तीमारदारों को जलमग्न परिसर से गुजरना पड़ा। स्वास्थ्य केंद्र के मातृत्व कक्ष में पहुंचने में गर्भवती महिलाओं को परेशानी हुई। सीएचसी की चहारदीवारी के बगल में स्थित खेतों से पानी अस्पताल परिसर में आ गया।
पिछले एक माह में यहां पांचवीं बार पानी का भराव हुआ। इसी तरह कस्बा खरेला में झमाझम बारिश से सड़कों पर दो से तीन फीट की ऊंचाई तक पानी भर गया। इससे दुकानदार परेशान रहे। कई बाइकें जलभराव के बीच बंद हो गईं। जिन्हें लोग धक्का लगाकर ले जाते नजर आए। घरों और दुकानोंं में पानी घुसने से दुकानदारों को हजारों का नुकसान हुआ। दुकानदार संतोष, देवीदीन, हरीमोहन आदि का कहना है कि मार्ग पर जलभराव होने से ग्राहकों की आवाजाही रुक गई। इससे व्यापार प्रभावित हुआ।
साभार : अमर उजाला

0 टिप्पणियाँ