बांदा/जसपुरा। जिले में इस समय ड्रोन का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में उड़ने वाले ड्रोनों से लोगों में भय व्याप्त है। हर ओर चोर व आतंकियों की आहट से लोग परेशान हैं। वहीं पुलिस ने रविवार शाम इन अफवाहों को विराम देते हुए उड़ रहे ड्रोनों पर लोगों की चिंता को खत्म किया।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के आसमान पर उड़ रहे ड्रोन पुलिस के हैं। यह सुरक्षा, निगरानी व इलाकों की स्थिति के जायजा के लिए संचालित किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि पुलिस ड्रोन से सभी क्षेत्रों की निगरानी कर रही है। ड्रोन, पीआरवी, स्थानीय पुलिस, मुखबिर सभी क्षेत्रों में सतर्क दृष्टि रखे हुए हैं और हर गतिविधि से निपटने के लिए पुलिस तैयार है।
कहा कि लोग ड्रोन से डरे नहीं और न ही किसी अफवाह पर ध्यान दें। सतर्कता बरतते हुए पुलिस का सहयोग करें। कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा ड्रोन उड़ने व चोरी से संबंधित अफवाहें फैलाई जा रही हैं। इससे ग्रामीणों में भय और भ्रम की स्थिति बनी हुई है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी होने पर सत्यता की जानकारी करें और पुलिस को जानकारी दें। वहीं एसपी के निर्देशन पर रविवार रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में ड्रोन संचालित किए गए। गिरवां थाना क्षेत्र में एएसपी शिवराज ने विंध्यावासिनी मंदिर परिसर व आसपास के गांवों में ड्रोन के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया। जसपुरा में थाना प्रभारी अनिल कुमार ने कस्बे के प्रमुख तिराहा व बाजार सहित अन्य क्षेत्रों में ड्रोन उड़वाए और लोगों को जानकारी दी।
साभार : अमर उजाला

0 टिप्पणियाँ