Chitrakoot : गंगा शपथ में गूंजा संकल्प, “नदियां स्वच्छ रहेंगी तो पर्यावरण सुरक्षित रहेगा”

चित्रकूट। स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत मंगलवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर इंटर कॉलेज बरवारा में रानीपुर टाइगर रिजर्व और जिला गंगा समिति के संयुक्त सहयोग से गंगा शपथ एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस मौके पर विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने मिलकर नदियों को स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नदियां केवल जल का स्रोत नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक, धार्मिक और पर्यावरणीय धरोहर हैं। प्राचीन काल से ही नदियां हमारी सभ्यता और संस्कृति की जीवनरेखा रही हैं। लेकिन आज बढ़ते प्रदूषण और लापरवाही के कारण नदियों का अस्तित्व संकट में है। यदि इन्हें स्वच्छ और निर्मल न रखा गया तो आने वाली पीढ़ियों के लिए गंभीर समस्याएं खड़ी हो सकती हैं।

मुख्य वक्ता ने अपने संबोधन में कहा कि नदी को गंदगी से मुक्त रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज के हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि लोग कूड़ा-कचरा और प्लास्टिक नदियों में डालना बंद कर दें, गंदगी फैलाने वालों को रोकें और जल का संरक्षण करें, तो मंदाकिनी जैसी नदियां फिर से अपनी स्वच्छ और सुंदर धारा में प्रवाहित हो सकती हैं।

कार्यक्रम में छात्रों को गंगा शपथ दिलाई गई कि वे न केवल खुद नदी में गंदगी नहीं फैलाएंगे बल्कि दूसरों को भी जागरूक करेंगे। वक्ताओं ने बताया कि जनभागीदारी ही इस अभियान को सफल बनाने की सबसे बड़ी कुंजी है।

अंत में विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर छात्र-छात्राओं ने साफ-सफाई की और संकल्प लिया कि वे अपने गांव, मोहल्ले और शहर में भी लोगों को नदियों की स्वच्छता के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक शपथ और तालियों की गूंज के साथ हुआ। 



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ