उरई/जालौन। बुढ़वा मंगल के महापर्व को देखते हुए हनुमान मंदिरों में तैयारियां पूरी हो गई हैं। नगर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में साफ-सफाई व साज-सज्जा का काम हो चुका है। प्रमुख ठडेश्वरी मंदिर के आसपास दुकानें सज गई हैं, मंगलवार को करीब एक लाख लोग मंदिर में दर्शन करेंगे।
उरई मार्ग स्थिति वीर बालाजी हनुमानजी मंदिर, फाटक वाले हनुमान मंदिर, 21 फुटा हनुमान मंदिर, हनुमंत साधना धाम, काली माता मंदिर के पास स्थित हनुमान मंदिर में बुढ़वा मंगल को लेकर विशेष तैयारियां चल रही हैं। यहां पर हनुमान की प्रतिमा को सजाया गया है। मंदिर के पुजारी कमलेश ने बताया कि बुढ़वा मंगल के मौके पर हनुमानजी का विशेष शृंगार किया जाएगा। नगर में जगह-जगह भंडारे का आयोजन होगा। वहीं, सिद्धपीठ ठड़ेश्वरी मंदिर पर इस वर्ष भी बुढ़वा मंगल पर्व पर मेला व दंगल का आयोजन होगा। जय मातेश्वरी समिति के तत्वावधान में घटिया वाले महावीर मंदिर प्रांगण में दंगल होगा। ठड़ेश्वरी मंदिर के महंत सिद्ध रामदास दास ने बताया कि मंदिर परिसर के मेला में दुकानें व झूले आदि लगना प्रारंभ हो गया है। मेले की तैयारियों में मंदिर प्रशासन, जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन लगा है।
कालपी प्रतिनिधि के अनुसार नगर स्थित छंगे आश्रम, बटाऊलाल मंदिर, भीमसेनी हनुमान मंदिर, स्टेशन चौराहा स्थित हनुमान मंदिर, तहसील परिसर स्थित हनुमान मंदिर, बाई जी का मंदिर समेत सभी मंदिरों को आकर्षक रूप दिया गया है। छंगे आश्रम के महंत मनीष महाराज ने बताया कि मंदिर परिसर में वैष्णो देवी जैसी गुफा तैयार की जा रही है। गुफा के साथ-साथ रात में सांस्कृतिक मंडल द्वारा कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजन किए जाएंगे। पहाड़गांव प्रतिनिधि के अनुसार सरकार बड़े महावीर मंदिर पर तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।कार्यक्रम संयोजक अशोक लोहिया ने यह जानकारी दी।
साभार : अमर उजाला

0 टिप्पणियाँ