जालौन। ज्वालागंज स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में मंगलवार को आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों से अपील की गई कि वे वस्तुओं को नई दरों पर ही बेचें, ताकि उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिल सके।
सरकार ने 22 सितंबर से वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) प्रणाली में बड़ा बदलाव करते हुए कर ढांचे को और सरल बना दिया है। अब केवल दो दरों में कर वसूली होगी, जिससे अधिकांश वस्तुओं के दाम घट गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सुधार न केवल व्यापार को आसान बनाएगा बल्कि उपभोक्ताओं की जेब पर भी बोझ कम करेगा।
कार्यक्रम में कहा गया कि जीएसटी में की गई इस कटौती का मुख्य उद्देश्य महंगाई पर नियंत्रण करना और उपभोक्ताओं को राहत देना है। जब आम लोगों को जरूरत की वस्तुएं कम दाम पर उपलब्ध होंगी तो उनका भरोसा व्यापारियों और सरकार दोनों पर बढ़ेगा।
स्थानीय व्यापारियों से अपील की गई कि वे इस सुधार का लाभ केवल अपने स्तर पर न रखें, बल्कि इसे जनता तक पहुंचाएं। उपभोक्ताओं को सस्ती दरों पर वस्तुएं उपलब्ध कराना ही सही मायनों में इस कदम की सफलता होगी।
लोगों का मानना है कि यदि व्यापारी नई जीएसटी दरों का ईमानदारी से पालन करेंगे तो बाजार में पारदर्शिता बढ़ेगी और खरीदारी का माहौल बेहतर होगा। इससे त्योहारों के सीजन में आम जनता को राहत तो मिलेगी ही, साथ ही व्यापार में भी तेजी आने की संभावना है।

0 टिप्पणियाँ