झांसी रेलखंड पर ट्रैक मरम्मत कार्य के चलते आगरा होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों पर बड़ा असर पड़ा है। रेलवे ने बताया कि इस काम के चलते कुल 22 ट्रेनें निरस्त रहेंगी और 29 ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित किए गए हैं। यह बदलाव 25 नवंबर से 8 जनवरी तक लागू रहेगा।
निरस्त ट्रेनों में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–आगरा कैंट पैसेंजर, आगरा कैंट–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पैसेंजर, हुबली–योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस और योगनगरी ऋषिकेश–हुबली एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण गाड़ियां शामिल हैं। तय अवधि तक इनका संचालन पूरी तरह बंद रहेगा, जिससे नियमित यात्रियों और त्योहारों या छुट्टियों में घर जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इसके अलावा जिन ट्रेनों के मार्ग बदले गए हैं, उनमें हरिद्वार–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस, कालका–साईं नगर शिरडी एक्सप्रेस, दिल्ली सराय रोहिल्ला–यशवंतपुर एक्सप्रेस, हजरत निजामुद्दीन–नांदेड़ एक्सप्रेस, श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा–कन्याकुमारी एक्सप्रेस और चंडीगढ़–मदुरै एक्सप्रेस प्रमुख हैं। इन ट्रेनों को अब मथुरा–बयाना–सोगरिया–बीना मार्ग से चलाया जाएगा। वहीं जम्मूतवी–पुणे झेलम एक्सप्रेस और कुछ अन्य गाड़ियां ग्वालियर–गुना–बीना होकर गुजरेंगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले अपनी ट्रेनों का अद्यतन शेड्यूल अवश्य चेक करें और टिकट बुकिंग या कैंसिलेशन से संबंधित निर्णय समय रहते लें। अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य कर दिया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ