Lalitpur : नवरात्र में देवी पंडालों की गूंज, भजन-कीर्तन से सजा माहौल

शहर में नवरात्र महोत्सव की रौनक चरम पर, हर गली-चौराहे पर सजे देवी पंडालों में गूंज रहे भक्तिगीत और मां की महिमा।

शारदीय नवरात्र के अवसर पर ललितपुर शहर में धार्मिक उत्साह चरम पर है। जगह-जगह सजे देवी पंडाल न केवल भक्ति का वातावरण बना रहे हैं बल्कि सांस्कृतिक आयोजन भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। सुबह-शाम विधि-विधान से पूजन-अर्चन और भजन-कीर्तन का आयोजन हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल होकर मां दुर्गा की आराधना कर रहे हैं।

कटरा बाजार की काली लाइन में बीते चालीस वर्षों से माता काली की भव्य प्रतिमा स्थापित की जा रही है। यहां दोनों पहर पूजन, अर्चन और आरती की परंपरा निभाई जा रही है। इस बार समिति ने कूपन जारी कर भक्तों को पुरस्कार देने की भी योजना बनाई है।

इसी तरह लक्ष्मीपुरा मेन रोड पर राजा राम मंदिर के पास श्री नवदुर्गा नव युवक समिति द्वारा सजाए गए पंडाल में भी भक्तिभाव का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। यहां देवी प्रतिमा की स्थापना के साथ प्रतिदिन सुबह-शाम आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। आरती के समय मां को विभिन्न प्रकार के व्यंजन का भोग लगाया जाता है।

आजाद चौक स्थित पंडाल में माता दुर्गा के साथ भगवान गणेश और अन्य देवियों की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं, जो भक्तों को विशेष आकर्षित कर रही हैं। वहीं स्टेशन रोड स्थित कृष्णा टॉकीज के सामने नवदुर्गा कमेटी द्वारा सजाए गए पंडाल में तीन देवियों की प्रतिमाओं की स्थापना की गई है। यहां रविवार को दिनभर विशेष पूजन-अर्चन और भव्य आरती का आयोजन हुआ।

ललितपुर शहर में नवरात्र के मौके पर हर गली-चौराहे पर सजे देवी पंडाल भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम प्रस्तुत कर रहे हैं। भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना की गूंज से पूरा शहर देवीमय हो उठा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ