Mahoba: रामालय में 22 सितंबर से शुरू होगा रामलीला समारोह

महोबा। रामलीला आयोजन समिति की बैठक रविवार को रामालय सभागार आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता माहेश्वरीदीन तिवारी ने की। इस दौरान 116 वर्ष से निरंतर चली आ रही रामलीला के सफल मंचन के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस वर्ष 12 दिवसीय रामलीला समारोह 22 सितंबर से शुरू होगा।

रामलीला न्यास के सचिव मनोज तिवारी ने बताया कि 12 दिवसीय रामलीला समारोह 22 सितंबर से तीन अक्टूबर तक चलेगा। 22 और 23 सितंबर को अखंड रामायण पाठ व भजन, 24 सितंबर को सुंदरकांड और हनुमान चालीसा पाठ होगा। अंतरराष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान अयोध्या के संयुक्त तत्वावधान में अयोध्या के रामलीला दल की ओर से 25 सितंबर से दो अक्तूबर तक रामलीला का मंचन होगा। तीन अक्तूबर को राजगद्दी शोभायात्रा निकाली जाएगी।

संगीताचार्य पं. जगप्रसाद तिवारी ने बताया कि रामलीला समारोह के बाद रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान अयोध्या की ओर से दिसंबर माह में 35 दिवसीय रामलीला कलाकारों का प्रशिक्षण कार्यक्रम रामालय सभागार में आयोजित किया जाएगा।

साभार : अमर उजाला


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ