बुंदेली शेफ सीज़न 3: 14 में से 8 महिला प्रतिभागी सेमीफाइनल में पहुँचीं

26 नवंबर को मूँग दाल आधारित व्यंजनों पर होगा मुकाबला, 14 दिसंबर को छतरपुर में ग्रैंड फिनाले

छतरपुर, नवंबर 2025। बुंदेलखंड की परंपरा, स्वाद और हुनर का डिजिटल मंच बुंदेली शेफ सीज़न 3 अपने रोमांचक मोड़ पर पहुँच चुका है। क्वार्टर फाइनल राउंड के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं, और 14 प्रतिभागियों में से 8 महिला शेफ ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। यह प्रतियोगिता क्षेत्र के लोकप्रिय डिजिटल चैनल ‘बुंदेलखंड 24x7’ द्वारा आयोजित की जा रही है।

क्वार्टर फाइनल राउंड में प्रतिभागियों ने परंपरागत व्यंजनों को नए रूप में प्रस्तुत कर जजों को प्रभावित किया। झाँसी की स्वप्निल मोदी और हेमा गुप्ता ने सिथोरा व्यंजन के साथ अपनी पाक कला का परिचय दिया। छतरपुर की विभा अग्निहोत्री और पन्ना की नैंसी शिवहरे ने लप्सी भिड़ई को नए अंदाज़ में पेश किया। सागर की रश्मि ठाकुर ने डुबरी को आधुनिक प्रस्तुति दी, जबकि ललितपुर की रूचि जैन ने ज्वार के ढोकले और गेहूँ की खीर से स्वास्थ्य और स्वाद का अनूठा मिश्रण पेश किया। हमीरपुर की रीना सचान ने सिधरा से सबका मन जीता, और झाँसी की सजीदा आमिर ने भुट्टे का किस और ज्वार की महेरी को खास अंदाज़ में परोसा।

प्रतियोगिता की जज पैनल में बुंदेली शेफ सीज़न 1 की विजेता समिता, सीज़न 2 की विजेता ज़हीदा परवीन और आतिथ्य क्षेत्र की विशेषज्ञ मेघना शर्मा शामिल रहीं। तीनों जजों ने व्यंजनों के स्वाद, प्रस्तुति और इनोवेशन को आधार बनाकर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। कार्यक्रम को शिवांगी तिवारी ने होस्ट किया, जिन्होंने अपने ऊर्जावान अंदाज़ से शो को और रोचक बनाया।

बुंदेलखंड 24x7 के चैनल हेड आसिफ पटेल ने कहा,

"हमारे लिए यह शो सिर्फ एक कुकिंग प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की महिलाओं की प्रतिभा और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। हर सीज़न साबित करता है कि यहाँ की महिलाएँ अपने हुनर से देशभर में पहचान बना रही हैं। इस बार का उत्साह और क्रिएटिविटी वाकई काबिले-तारीफ है।"

अब प्रतियोगिता सेमीफाइनल की ओर बढ़ रही है। इस राउंड में सभी 8 प्रतिभागियों को मूँग दाल पर आधारित व्यंजन तैयार करने होंगे। सेमीफाइनल के बाद 5 फाइनलिस्ट चुने जाएँगे। ग्रैंड फिनाले 14 दिसंबर को छतरपुर के द रुद्राक्ष होटल में आयोजित होगा।

प्रतियोगिता में रुद्राणी कलाग्राम सहयोगी संस्था के रूप में जुड़ा है। ‘पीआर 24x7’ पीआर पार्टनर, ‘अफ्फी स्पोर्ट्स’ ट्रॉफी पार्टनर, ‘तारुका इको’ और ‘डिवाइन डेकोर एंड गिफ्ट गैलरी’ गिफ्टिंग पार्टनर हैं। वहीं ‘द रुद्राक्ष होटल’ वेन्यू पार्टनर और ‘2030 का भारत’ सोशल पार्टनर के रूप में जुड़े हैं।

बुंदेलखंड की महिलाओं की पाक कला, उनकी रचनात्मकता और आत्मविश्वास को मंच देने वाली यह प्रतियोगिता एक बार फिर साबित कर रही है कि ‘बुंदेली शेफ’ सिर्फ शो नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और महिला सशक्तिकरण का उत्सव है। सभी की निगाहें अब सेमीफाइनल पर टिकी हैं, जहाँ स्वाद का असली संग्राम होने वाला है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ