Panna: खजुराहो और पन्ना को नया पर्यटन हब बनाने की तैयारी, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

खजुराहो। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को कार्यक्रम में कहा कि खजुराहो और पन्ना क्षेत्र अब देश और दुनिया के पर्यटकों के लिए नई पहचान बनते जा रहे हैं। सरकार यहां पर्यटन को तेजी से विकसित कर रही है, ताकि आने वाले यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं मिल सकें।

वंदे भारत से काशी से खजुराहो का सीधा जुड़ाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि खजुराहो में पहले से हवाई सेवा उपलब्ध है, लेकिन अब नई वंदे भारत ट्रेन के शुरू होने से इस क्षेत्र को एक और नई कनेक्टिविटी मिल गई है। उनके अनुसार यह ट्रेन बुंदेलखंड के लोगों और पर्यटकों को काशी से सीधा जोड़ती है, जिससे यात्रा आसान होने के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है। यह ट्रेन न सिर्फ पर्यटकों को आकर्षित करेगी, बल्कि स्थानीय लोगों की यात्रा और व्यापारिक गतिविधियों में भी नई ऊर्जा भरेगी।

हेली सेवा और नई हवाई सुविधाओं का विस्तार

सीएम यादव ने बताया कि राज्य सरकार पर्यटन को नई गति देने के लिए हेली टूरिस्ट सर्विस भी शुरू कर चुकी है। इससे खजुराहो, पन्ना और आसपास के दर्शनीय क्षेत्रों तक पहुंचना और आसान होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि इंटर स्टेट हवाई सेवाओं और एयर एंबुलेंस की सुविधा से प्रदेशवासियों और यात्रियों दोनों को बड़ी राहत मिल रही है। अब यात्रा सिर्फ समय बचाने वाली नहीं, बल्कि अधिक सुरक्षित और पेशेवर भी बन रही है।

खजुराहो दुनिया की पटल पर चमक रहा

मुख्यमंत्री ने कहा कि खजुराहो वह नाम है जिसे आज दुनिया की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों में विशेष स्थान प्राप्त है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में चुनिंदा शहरों को विशेष पहचान दी है, जिनमें खजुराहो भी शामिल है। इस सम्मान ने क्षेत्र की चमक और बढ़ा दी है।

पन्ना टाइगर रिजर्व का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यहां विदेशी पर्यटकों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है। जंगल सफारी, प्राकृतिक आकर्षण और अब बेहतर यातायात व्यवस्था से यह इलाका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना अलग स्थान बना रहा है।

होटल उद्योग को भी मिलेगा बढ़ावा

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि पन्ना के पास बसे ऐतिहासिक महलों और धरोहरों को होटल उद्योग में विकसित किया जा रहा है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और पर्यटन क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह क्षेत्र न सिर्फ धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन, बल्कि लग्जरी हॉस्पिटैलिटी की पहचान भी हासिल करेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ