4 महीने से अंधेरे में जी रहा सरानी गांव, झूलते बिजली तारों से हादसे का खतरा

छतरपुर जिले के सरानी गांव में बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। गांव के लोगों का कहना है कि पिछले चार से पांच महीनों से यहां बिजली आपूर्ति बंद है, जिससे ग्रामीणों का जीवन अंधेरे में गुजर रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, लंबे समय से बिजली न होने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। न तो बच्चे रात में पढ़ पा रहे हैं और न ही लोग सामान्य जीवन जी पा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।

समस्या सिर्फ बिजली कटौती तक ही सीमित नहीं है, बल्कि गांव में बिजली के तार भी बेहद नीचे लटके हुए हैं, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि ये तार इतने नीचे हैं कि लोगों के सिर तक पहुंच जाते हैं, जिससे हर समय जान का खतरा बना रहता है। पशुओं और बच्चों के लिए यह स्थिति और भी खतरनाक है। गांव में एक गाय की मौत भी करंट लगने से हो चुकी है।

ग्रामीणों का कहना है कि वे मजबूरी में अंधेरे में ही जीवन यापन कर रहे हैं। गर्मी के मौसम में जब सबसे ज्यादा बिजली की जरूरत होती है, उसी समय से आपूर्ति ठप पड़ी है। ऐसे में लोग जैसे-तैसे अपना गुजारा कर रहे हैं।

इस मामले में बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता आर.ए. मिश्रा ने कहा कि यह मामला अब तक उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही जांच कराई जाएगी और यदि तार नीचे पाए गए तो उन्हें ठीक करवाया जाएगा।

ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि प्रशासन जल्द उनकी समस्या का समाधान करेगा और गांव में फिर से बिजली बहाल होगी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ