केन-बेतवा प्रोजेक्ट पर बवाल, छतरपुर में ग्रामीणों का हिंसक विरोध

छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच उस समय हिंसक झड़प हो गई, जब केन-बेतवा लिंक परियोजना से जुड़े अतिक्रमण हटाने के लिए टीम गांव पहुंची।


प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध करते हुए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस व अधिकारियों पर पथराव शुरू कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर अफरातफरी मच गई और प्रशासनिक टीम को पीछे हटना पड़ा।

इस हिंसक झड़प में एक जेसीबी मशीन सहित कई सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचा। अधिकारियों की गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए और करीब 4 से 6 वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन ने जबरन कार्रवाई करते हुए एक आदिवासी परिवार का मकान गिरा दिया, जिससे लोग मलबे में दब गए और कुछ घायल भी हुए। इस घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होकर विरोध करने लगे।

घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश की जा रही है। प्रशासन ने उपद्रव करने वालों की पहचान कर कार्रवाई करने की बात कही है।

यह पूरा विवाद केन-बेतवा लिंक परियोजना से जुड़े विस्थापन और मुआवजे को लेकर लंबे समय से चल रहा है, जो अब हिंसक रूप ले चुका है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ