शिक्षक बना ठगी का शिकार, एक क्लिक में ऐसे उड़ाए 3.82 लाख

झांसी: झांसी में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां एक शिक्षक के खाते से 3.82 लाख रुपये उड़ा लिए गए। साइबर जालसाजों ने धोखे से उनके मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड कराकर इस वारदात को अंजाम दिया।

पीड़ित शिक्षक खेमराज सिंह, जो पीडब्ल्यूडी कॉलोनी में रहते हैं, ने बताया कि 7 मई को शाम के समय उनके पंजाब नेशनल बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खातों से कई ट्रांजेक्शन किए गए।

इन ट्रांजेक्शनों के जरिए पंजाब नेशनल बैंक से करीब 2.84 लाख रुपये और यूनियन बैंक से 98 हजार रुपये निकाल लिए गए, कुल मिलाकर 3.82 लाख रुपये की ठगी हुई।

मोबाइल पर मैसेज आने के बाद उन्हें घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित खाते को फ्रीज कराया, लेकिन उसमें केवल 95 हजार रुपये ही बच सके।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ठगों ने स्पैम लिंक के जरिए मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड कराई, जिसके जरिए बैंक खाते की जानकारी हासिल कर पैसे निकाल लिए गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

साइबर विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, OTP या बैंक डिटेल साझा न करें और किसी भी संदिग्ध ऐप या फाइल को डाउनलोड करने से बचें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ