दो माह बाद नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में लिखी गई प्राथमिकी

जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के उरई में एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के करीब दो महीने बाद आखिरकार आरोपी नाबालिग के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में सीओ परमेश्वर प्रसाद को कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने शिकायती पत्र दिया था। इसमें बताया था कि दो माह पूर्व पड़ोसी किशोर ने उसके घर में घुसकर उसकी अकेली 14 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म किया था। घटना के बाद वह शिकायत करने किशोर के घर पहुंची थी जहां किशोर के पिता ने अपने लड़के के साथ उसकी बेटी की शादी कराने का आश्वासन उसे दिया था।

अमर उजाला अख़बार की खबर के अनुसार महिला ने बताया कि इसके बाद किशोर ने कई बार उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया और अब शादी करने की अपनी बात से मुकर गया है, उल्टे उसे बेटी सहित जानमाल की धमकी दे रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस द्वारा पीड़ित किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण और उसके न्यायालय में बयान दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं पुलिस आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है। सीओ परमेश्वर प्रसाद का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ