देवरी कलां। सागर जिले के देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम मुआर में शुक्रवार को नदी में 42 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक गुरुवार दोपहर से लापता था। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तलाश शुरू की थी। शुक्रवार सुबह गोताखोरों की मदद से नदी में खोजबीन की गई, जिसके बाद दोपहर में शव बरामद हुआ। परिजनों ने युवक के साथ मौजूद रहे चार लोगों पर मारपीट कर हत्या करने और शव नदी में फेंकने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
गुरुवार दोपहर से लापता था युवक
जानकारी के अनुसार, युवक के लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर देवरी थाने में सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। इस दौरान युवक के साथ मौजूद बताए जा रहे लोगों से भी पूछताछ की गई।
शुक्रवार सुबह पुलिस टीम गोताखोरों के साथ मुआर नदी पहुंची। काफी तलाश के बाद दोपहर में युवक का शव नदी से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवाया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
भाई ने चार लोगों पर लगाए गंभीर आरोप
मृतक के भाई विक्रम सिंह दांगी ने आरोप लगाया कि उनका भाई चार अन्य लोगों के साथ था और सभी ने शराब पार्टी की थी। उनके मुताबिक, जब उनका बेटा मौके पर पहुंचा तो उसके चाचा वहां नहीं मिले। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी।
विक्रम सिंह दांगी ने हजारी, कुलदीप, वीरेंद्र और गब्बू नाम के व्यक्तियों पर अपने भाई के साथ मारपीट कर हत्या करने और शव नदी में फेंकने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी बताया कि घटना से एक दिन पहले होटल पर गाली-गलौज और विवाद होने की बात सामने आई थी।
हालांकि, परिजनों की ओर से लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
भतीजे ने भी बताई घटनास्थल से जुड़ी जानकारी
मृतक के भतीजे भोला दांगी ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 8 बजे नदी के पास कुछ गतिविधियां हो रही थीं, जबकि वह खेत पर था। उसके अनुसार, नदी की तरफ से आवाजें आ रही थीं और वहां कुछ लोग मौजूद थे। उसने कुलदीप, वीरेंद्र, गब्बू और हजारी के नाम भी बताए।
भोला के मुताबिक, दोपहर बाद कुछ लोग वहां से निकले थे और उनमें से कुछ के कपड़े भीगे हुए थे। बाद में जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्हें चाचा नहीं मिले। इसके बाद आसपास तलाश की गई और फोन के जरिए जानकारी जुटाने की कोशिश की गई। कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
इन बयानों के आधार पर पुलिस घटना से जुड़े लोगों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई
एसडीओपी अरुण सिंह उइके ने बताया कि गुरुवार शाम परिजनों ने युवक के दोपहर से लापता होने की सूचना दी थी। इस पर गुमशुदगी दर्ज की गई थी। शुक्रवार को युवक का शव नदी में मिला है। परिजनों ने मारपीट की आशंका जताई है।
एसडीओपी के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल युवक की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई आपराधिक घटना हुई थी।
रिपोर्टर: मनोज स्वामी, देवरी कलां

0 टिप्पणियाँ