ललितपुर में मिशन शक्ति अभियान के तहत ग्राम गुगरवारा के प्राथमिक विद्यालय में महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान राज्य संदर्भ दाता समूह की सदस्य दीपा सिंधी ने महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए सरकार की संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही विपरीत परिस्थितियों में हेल्पलाइन नंबरों 1090 सहित हेल्प डेस्क का सहारा लेने की अपील की।
एआरपी प्रदीप सोनी ने बुंदेलखंड क्षेत्र में महिलाओं के गौरवशाली इतिहास का स्मरण करते हुए झांसी की रानी का उदाहरण देते हुए महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की विभिन्न योजनाओं के जरिए परिषदीय विद्यालयों की छवि लोगों के बीच बदल रही है। जिन लोगों के पास एंड्रॉइड फोन हैं, वे विभिन्न ऐप्स के माध्यम से पढ़ाई और खेल की जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं।
इस विषय पर प्रधानाध्यापक हेमंत तिवारी ने कहा कि समुदाय के सहयोग और अपने व्यक्तिगत संसाधनों से विद्यालय में स्मार्ट क्लास की स्थापना की गई है, इसका लाभ भी अभिभावक अपने बच्चों को समय-समय पर विद्यालय में भेज कर ले सकते हैं।
इस अवसर पर खुशबू सैनी, राजकुमारी रजक, वंदना तिवारी, राधाबाई, कमल कुमारी, अंगूरी देवी, गुलाब भाई, केशव सहित कई महिला अभिभावकों ने विद्यालय में शपथ ली। इस अवसर पर रविंद्र सिंह परमार, संजय टड़ैया का विशेष सहयोग रहा। अंत में प्रधानाध्यापक हेमंत तिवारी ने आभार व्यक्त किया।
0 टिप्पणियाँ