विद्युत कटौती को लेकर सपा MLA का प्रदर्शन:चित्रकूट में धरने पर बैठे अनिल पटेल, बोले- 7 दिन में सुधर जाए व्यवस्था, नहीं तो करूंगा आमरण अनशन

 चित्रकूट में बिजली कटौती को लेकर सदर विधायक अनिल पटेल ने एक्सईएन ऑफिस के सामने धरना दिया। धरने में सपा के जिलाध्यक्ष अनुज यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। विधायक ने कहा, विधानसभा चुनाव समाप्त होते ही अचानक जनपद की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। रोजाना शहरी एवं ग्रामीण इलाके में विद्युत कटौती 10 से 15 घंटे लगातार हो रही है।



विधायक अनिल पटेल ने कहा, बिजली कटौती से किसानों की कटी फसलें कतराई के लिए रखी हैं। शहरी क्षेत्रों में भी बगैर रोस्टर के कटौती हो रही है। दिन-रात यही क्रम चला आ रहा है। उन्होंने कहा, विद्युत विभाग के कर्मचारी छोटी-छोटी समस्याओं और फॉल्ट को लेकर घंटों विद्युत सप्लाई बंद किए रहते हैं। उन्होंने कहा, क्षेत्र की जनता के ऊपर विद्युत कटौती को लेकर विद्युत विभाग के ऊपर रोष बढ़ रहा है।

धरने पर बैठे विधायक के पास विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता रामस्वरूप वर्मा ने पहुंचकर बातचीत की। विधायक ने कड़ी फटकार लगाते हुए कहा, मैं 7 दिन का टाइम देता हूं, अगर 7 दिन में विद्युत व्यवस्था सुचारु रूप से बहाल न हुई तो मैं आमरण अनशन करने में मजबूर हो जाऊंगा। जनता ने मुझे चुना है, मैं जनता की सेवा करूंगा।

विधायक ने हिदायत देते हुए कहा, जनपद में एक कंट्रोल रूम की स्थापना विद्युत विभाग द्वारा की जाए, जिसमें विद्युत कटौती होते ही कंट्रोल रूम में दर्ज हो। अगर किसी व्यक्ति को दिक्कत है तो वह कंट्रोल रूम में बात करके विद्युत कटौती का पता कर सके। धरने पर बैठे विधायक और उनके समर्थकों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

उन्होंने अधिशासी अभियंता से कहा, अनावश्यक रूप से दिन और रात में विद्युत कटौती हर हाल में बंद होना चाहिए। अगर यह कटौती बंद नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी आंदोलन करने में विवश हो जाएगी। अधिशासी अभियंता के साथ सदर तहसीलदार संजय अग्रहरि ने विधायक अनिल पटेल, सपा जिलाध्यक्ष अनुज यादव से वार्ता की।


साभार- भास्कर


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ