Banner

ललितपुर में 4 खेतों में लहराती मिली अफीम की फसल:पुलिस ने दो पर दर्ज की FIR, 1 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने कब्जे में ली फसल

 ललितपुर में अफीम की लहराती फसल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने बसतगुंवा गांव में छापा मारकर तीन खेतों मे लहरा रही अफीम की हरी फसल को जब्त किया है। वहीं दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर एक युवक को गिरफ्तार किया है।



फसल की जांच के लिए नारकोटिक्स टीम बुलाई गई है। वहीं फसल कटाई के लिए न्यायालय से अनुमति मांगी गई है। फसल को कोई नष्ट न कर दे, इसके लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। थाना बार अंतर्गत ग्राम बसतगुंवा में शहजाद बांध किनारे खेतों में गेंहू की फसल के बीच अफीम की फसल लहराते हुए एक वीडियो सामने आया था।

अफीम की खेती की सूचना पर जांच करने पहुंची पुलिस।

रात में खेतों की जांच को पहुंची पुलिस

अफीम की फसल की खेती की जानकारी मिलने पर पुलिस प्रशासन सकते में आ गया और रात में खेतों में पहुंच गया था। सोमवार को पुलिस ने बांध के किनारे आसपास खेतों में जांच की तो पता चला कि ग्राम बसतगुवां निवासी भूपेन्द्र उर्फ टिल्लू भार्गव पुत्र विश्वनाथ भार्गव के खेत में लगभग दो सौ वर्गफुट में अफीम की फसल लहरा रही थी। भूपेन्द्र के अन्य खेत में पांच सौ वर्ग फीट में फसल लहराती मिली।

फसल की सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात

इसके बाद गांव के निवासी सुजान सिंह लोधी पुत्र धुन्धे लोधी के खेत में भी आठ सौ वर्ग फिट क्षेत्रफल में अफीम की फसल लहराती हुई मिली। इसके अलावा सुजान सिंह के एक अन्य खेत में भी चार सौ वर्ग फीट क्षेत्रफल में भी अफीम की फसल लहराती हुई मिली। घटना की जानकारी लगते ही क्षेत्राधिकारी तालबेहट कुलदीप कुमार मौके पर पहुंचे और फसल की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया।

नारकोटिक्स टीम को दी गई सूचना

इसके अलावा आरोपी भूपेन्द्र भार्गव और सुजान के खिलाफ एनडीपीएस के तहत एफआईआर दर्ज की गई। वहीं आरोपियों के मकान पर छापेमार कार्रवाई की गई तो वह भाग निकले। सोमवार को एक आरोपी सुजान को धर दबोचा गया। पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि गांव बसतगुवां में चार खेतों में अफीम की फसल लहराती हुई मिली। इस मामले में दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं एक आरोपी सुजान को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गये आरोपी ने बताया कि उसे एक युवक ने अफीम के बीज बोने के लिए दिये थे, कहा कि इसके बीज दो हजार रुपए किलो के बिकते हैं। नारकोटिक्स टीम सूचना दे दी गयी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ