चित्रकूट। जिले के पहाड़ी बुजुर्ग गांव के रहने वाले शुभम अग्रहरि ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत और लगन से बड़ी उपलब्धि हासिल की है। शुभम ने पहले ही प्रयास में NEET परीक्षा में सफलता हासिल कर MBBS में प्रवेश पाया है। उन्हें कैटेगरी में 2347वीं रैंक मिली है और उनका चयन स्वायत्तशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, सोनभद्र में MBBS की पढ़ाई के लिए हुआ है। इस सफलता से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
घर पर रहकर ऑनलाइन पढ़ाई से हासिल किया मुकाम
शुभम ने बड़े शहर में जाकर महंगी कोचिंग करने के बजाय घर पर रहकर ऑनलाइन माध्यम और स्वाध्याय से NEET की तैयारी की। वह रोजाना करीब 7 से 8 घंटे नियमित पढ़ाई करते थे। इसके अलावा उनके शिक्षक चाचा कमलेश कुमार गुप्ता भी समय-समय पर उन्हें पढ़ाई में मार्गदर्शन देते रहे।
परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि शुभम को बड़े शहर में भेजकर महंगी कोचिंग कराई जा सके। इसके बावजूद उन्होंने संसाधनों की कमी को अपनी पढ़ाई के रास्ते में बाधा नहीं बनने दिया। नियमित मेहनत, पढ़ाई और दोहराव के दम पर उन्होंने पहले ही प्रयास में मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल कर ली।
सब्जी की छोटी दुकान चलाते हैं पिता
शुभम के पिता उमेश कुमार अग्रहरि पहाड़ी में सब्जी की छोटी दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी मां कलावती गृहिणी हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद माता-पिता ने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी और लगातार उसका हौसला बढ़ाया।
बेटे के MBBS में चयन की खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। शुभम की सफलता से गांव के लोग भी उत्साहित हैं और ग्रामीण उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।
परिवार में पहली बार बनेगा डॉक्टर
शुभम के शिक्षक चाचा कमलेश कुमार गुप्ता ने बताया कि शुभम शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और मेहनती रहे हैं। उन्होंने शुभम को बधाई देते हुए कहा कि निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने बताया कि परिवार में अभी तक किसी ने MBBS करके डॉक्टर बनने की उपलब्धि हासिल नहीं की है।
ग्रामीणों का कहना है कि शुभम ने न केवल अपने माता-पिता का सपना पूरा किया, बल्कि अपनी मेहनत से पहाड़ी गांव और चित्रकूट जिले का नाम भी रोशन किया है। उनकी सफलता क्षेत्र के उन विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
इस अवसर पर रामविलास पाण्डेय, मनीष कुमार मिश्र, अजय कुमार द्विवेदी, रामनारायण साहू, माता कलावती, पिता उमेश कुमार, चाचा कमलेश कुमार समेत परिवार और ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट: सुभाष चन्द्र, चित्रकूट

0 टिप्पणियाँ