18वें प्रांतीय अधिवेशन में निर्वाचन द्वारा राज्य कर्मचारी संघ की नई कार्रकारिणी चुनी गई है। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष हेमंत श्रीवास्तव, महामंत्री जितेन्द्र सिंह, कोषाध्यक्ष केवी मेवाड़ा, संगठन मंत्री सुरेन्द्र सिंह भदौरिया के अलावा प्रदेश मंत्री ग्वालियर से निरंजन सिंह को बनाया गया है।
मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ का 18वां प्रांतीय अधिवेशन भोपाल सेकंड स्टाप तुलसीनगर स्थित नार्मदीय भवन में दो दिन पहले हुआ है। ग्वालियर से कर्मचारी संघ के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री निरंजन सिंह घुरैया के नेतृत्व में सैकड़ों सदस्य कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। 18वां प्रांतीय अधिवेशन भारतीय मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष संजय सिंह की अध्यक्षता एवं राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ के महामंत्री विष्णु वर्मा और भारतीय मजदूर संघ मध्य प्रदेश के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर के आतिथ्य में पूरा हुआ है। सभी वरिष्ठ नेताओं के कुशल मार्गदर्शन व नेतृत्व में अलग-अलग बिखरे हुए सभी संगठन व साथियों को एक मंच पर लाकर सामंजस्य पूर्ण ढंग से निर्वाचन कराया गया है। निर्वाचन सफल रहा है और सभी एक साथ संगठित होकर कर्मचारियों के हक की लड़ाई लड़ेंगे।
ग्वालियर के निरंजन सिंह बने प्रदेश मंत्री
भोपाल में हुए निर्वाचन में ग्वालियर शिक्षा विभाग में पदस्थ निरंजन सिंह घुरैया संगठन में प्रदेश मंत्री निर्वाचित हुए है। इनके अलावा प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त श्रीवास्तव, महामंत्री जितेन्द्र सिंह, कोषाध्यक्ष केवी मेवाड़ा, संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह भदौरिया, प्रदेश मंत्री निरंजन सिंह बने हैं।
ग्वालियर आने पर साथियों ने किया स्वागत
राज्य कर्मचारी संघ में प्रदेश मंत्री बनने के बाद मंगलवार को ग्वालियर लौटे निरंजन सिंह घुरैया का साथियों ने स्वागत किया है। कर्मचारी संघ के सदस्यों ने उनके घर मीरा नगर पहुंचकर पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया है। साथ ही आशा व्यक्त की है कि वह अभी की तरह भविष्य में भी कर्मचारी हित के लिए लड़ते रहेंगे।
साभार : दैनिक भास्कर
0 टिप्पणियाँ