चित्रकूट। एआर कोआपरेटिव कार्यालय में सहकारी समितियों के सचिवों को नैनो उर्वरक के संबंध में जानकारी प्रदान करने के लिए प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने नैनो उर्वरक का प्रयोग करने से होने वाले लाभ की जानकारी दी गई। सचिवों से कहा गया कि वह लोग उर्वरक वितरण के दौरान किसानों को नैनो खाद की खूबियां बताएं। जिला प्रबंधक पीसीएफ रंजीत कुमार मौर्य ने समिति सचिवों को इफ्को नैनो उर्वरकों के प्रयोग की विधि एवं इससे होने वाले लाभ को समझाया। ताकि वह समितियां में आने वाले किसानों को नैनो उर्वरकों के प्रयोग की विधियां एवं लाभ को समझाकर बिक्री कर सकें।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता राजेन्द्र कुमार ने समिति सचिवों को शासन के निर्देशों के अनुसार नैनो समेत अन्य उर्वरकों की बिक्री करने पर जोर दिया। इफ्को प्रयागराज से आए प्रबंधक अक्षय पांडेय ने समितियों को लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। कहा कि समितियां केवल यूरिया, डीएपी उर्वरकों का व्यवसाय न कर अन्य कृषि रसायन कीटनाशक, खरपतवार नाशक आदि का भी विक्रय करें। तभी समितियों को लाभ में वृद्धि होगी। इसके साथ ही किसानों को अच्छी गुणवत्ता के इफ्को एमसी उत्पाद प्राप्त हो सकेंगे। बाजार में बिकने वाले नकली कीटनाशकों से किसानों को निजात मिलेगी। कहा कि नैनो उर्वरकों का प्रयोग करने से खेती की लागत घटती है। इसके साथ ही उपज में बढ़ोत्तरी होती है। पर्यावरण भी सुरक्षित होता है। इससे उर्वरक के लिए देश की निर्भरता दूसरे देशों पर भी कम होती है। जिससे देश के आत्म सम्मान में भी वृद्धि होती है। कहा कि किसानों को सही प्रयोग विधि बताकर नैनों उर्वरकों की बिक्री बढ़ाई जाए। प्रशिक्षण में क्षेत्रीय प्रबंधक इफ्को राजवीर सिंह, एमडीओ इफ्को एमसी अजय यादव, एसएफए हॉटस्पॉट आदित्य पटेल के अलावा सभी सरकारी समितियों के सचिव, एडीओ सहकारिता, एडीसीओ सहकारिता आदि लोग मौजूद रहे।
साभार : लाइव हिंदुस्तान

0 टिप्पणियाँ