Mahoba : बुल्गारिया में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी लगन

महोबा/चरखारी। वीरभूमि महोबा की बेटी लगन का विश्व जूडो चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ है। बुल्गारिया में होने वाले इस आयोजन में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका लगन को मिलेगा। 27 अगस्त को वह अपना पहला मैच खेलेंगी।

महोबा के चरखारी कस्बे में रहने वाले अरविंद लाक्षाकार की बेटी लगन लाक्षाकार देश की कई जूडो प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने के साथ ही एशिया कप में कांस्य पदक जीत चुकी है। इन दिनों लगन स्पोर्ट्स एकेडमी ऑफ इंडिया (साईं) के भोपाल कैंपस में जूडो की बारीकियां सीख रही हैं। लगन के पिता अरविंद लाक्षाकार ने बताया कि लगन का चयन 57 किग्रा भार वर्ग में विश्व जूडो चैंपियनशिप कैडिट-2025 के लिए हुआ है। यूपी जूडो एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी मुनावर अंजर अली सिद्दीकी ने पत्र भेजकर लगन को बताया है कि बुल्गारिया देश की राजधानी सोफिया में आयोजित होने वाली इस चैंपियनशिप में वह 27 अगस्त को अपना मैच खेलेगी। कुछ खिलाड़ियों का चयन ओपन ट्रायल के जरिए हुआ है तो वहीं लगन के एशिया कप का कांस्य पदक विजेता होने के कारण उसे सीधे चयन का मौका मिला है। लगन अपनी अन्य साथी जूडो खिलाड़ियों के साथ 26 अगस्त को बुल्गारिया के लिए रवाना होंगी।

साभार : अमर उजाला


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ