उरई। गोरखपुर-डोमिनगढ़ रेलखंड पर ट्रैक मरम्मत कार्य का सीधा असर मुंबई जाने वाली गाड़ियों पर पड़ रहा है। मंगलवार को अंत्योदय एक्सप्रेस, पनवेल एक्सप्रेस, छपरा-मुंबई एक्सप्रेस, त्योहार स्पेशल और कुशीनगर एक्सप्रेस का संचालन निरस्त कर दिया गया।
त्योहारों के मौसम में अचानक हुई इस बंदी से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोग अपने घरों को जाने के लिए बुकिंग करा चुके थे, लेकिन ट्रेनों के न चलने से उनकी योजना प्रभावित हो गई। खासकर नवरात्र, दुर्गा पूजा और दशहरे जैसे अवसरों पर घर लौटने वालों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
यात्रियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि रेल प्रशासन को ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने की व्यवस्था करनी चाहिए थी, ताकि लोग समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। स्थानीय व्यापारियों और समाजसेवियों ने भी इसे आम जनता की मुश्किलों से जोड़ते हुए रेलवे से राहत देने की मांग की है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक मरम्मत का काम तेजी से किया जा रहा है और कार्य पूरा होते ही ट्रेनों का संचालन सामान्य कर दिया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ