महोबा। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रात के समय ड्रोन उड़ने की खबरों के बीच पुलिस अधीक्षक ने एडवाइजरी जारी की है। रात के समय ड्रोन उड़ते देखे जाने पर यूपी डायल 112 की सहायता लेने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश पुलिसकर्मियों को दिए गए हैं।
पिछले कुछ दिनों से जिले के खरेला कस्बा, करहराकलां गांव, पनवाड़ी, श्रीनगर क्षेत्र के कई गांवों से रात के समय ड्रोन उड़ाए जाने की सूचनाएं आ रही हैं। करहराकलां गांव में ड्रोन उड़ने के साथ ही खरेला में ड्रोन उड़ाए जाने की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची लेकिन तब तक ड्रोन दूर जा चुके थे। अन्य जगहों पर भी इसी तरह रात के समय ड्रोन आने की सूचनाओं से ग्रामीणों में भय व्याप्त हो रहा है।
इसी बीच पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने कहा है कि अब तक की जांच में ड्रोन उड़ने जैसी किसी भी सूचना की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि किसी क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति, संदिग्ध गतिविधि या ड्रोन उड़ने, उड़ाने की सूचना मिलती है तो तत्काल स्थानीय पुलिस या डायल 112 पर जानकारी दें।
साभार : अमर उजाला

0 टिप्पणियाँ