Chitrakoot में बारिश और तेज हवा से धान की फसल को भारी नुकसान

चित्रकूट। जिले में बीते दो दिनों से हो रही बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई, जबकि खलिहानों में रखी फसल भीगकर खराब हो गई। बारिश के चलते शहर और कस्बों की कई गलियों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

खेतों में गिरी तैयार फसल

बुधवार तड़के से शुरू हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। राजापुर, पहाड़ी, मानिकपुर और मऊ सहित जिले के कई इलाकों में खेतों में तैयार धान की फसल हवा और बारिश के कारण गिर गई। कई किसानों ने बताया कि फसल कटाई के लिए पूरी तरह तैयार थी, लेकिन अचानक मौसम बिगड़ने से फसल बर्बाद हो गई।

नुकसान का सर्वे करेगा कृषि विभाग

राजापुर क्षेत्र धान उत्पादन के लिए प्रमुख माना जाता है। यहां बड़े पैमाने पर फसल को नुकसान पहुंचा है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अन्य स्थानों की तुलना में कम नुकसान हुआ है, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभाग जल्द ही प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर नुकसान का आंकलन करेगा।

एक नवंबर तक बारिश की संभावना

मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, बुधवार को जिले में 10 एमएम से अधिक बारिश दर्ज की गई। अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह बना रह सकता है और एक नवंबर तक बारिश जारी रहने की संभावना है। इससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है, क्योंकि खेतों में पानी भरने से फसल कटाई में विलंब हो सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ