झांसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार, 9 अक्तूबर को झांसी के दौरे पर रहेंगे। उनका मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इस दौरान वह करीब पौने तीन घंटे झांसी में रुकेंगे, जहां वे खेलकूद समारोह में शामिल होंगे और विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक भी करेंगे।
मुख्यमंत्री सुबह 9:35 बजे लखनऊ से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर 10:55 बजे झांसी के कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे। यहां से वह भानी देवी गोयल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज जाएंगे, जहां विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित 36वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री लगभग एक घंटे तक कार्यक्रम में रहेंगे।
इसके बाद वह दोपहर 12:05 बजे कन्वेंशन सेंटर लौटेंगे, जहाँ झांसी के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। बैठक लगभग एक घंटे तक चलेगी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री 1:40 बजे कन्वेंशन सेंटर से जालौन के लिए रवाना होंगे।
21वीं बार झांसी में सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह 21वां झांसी दौरा होगा। उनके दूसरे कार्यकाल में यह चौथा दौरा है। वह पहली बार 20 अप्रैल 2017 को झांसी आए थे, जबकि पिछली बार 11 मार्च 2025 को उन्होंने झांसी का दौरा किया था। उस समय उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के कार्यक्रम को संबोधित किया था और अफसरों के साथ समीक्षा बैठक भी की थी।
मुख्यमंत्री का यह दौरा झांसी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उम्मीद है कि इस दौरान विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ नई योजनाओं की रूपरेखा पर भी दिशा तय होगी।
0 टिप्पणियाँ