गांधी जयंती पर तेजगढ़ में चला स्वच्छता अभियान, मंदिरों से थाना परिसर तक की गई सफाई

तेजगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को ग्राम पंचायत तेजगढ़ में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने श्रमदान कर सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। 

स्वच्छता अभियान के तहत हनुमान मंदिर परिसर, बाबा महाराज परिसर और तेजगढ़ थाना परिसर में सफाई की गई। इस दौरान लोगों ने आसपास के क्षेत्रों से कचरा हटाया और ग्रामीणों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

घर से शुरू हो स्वच्छता की पहल

कार्यक्रम में कवि चन्द्रभान सिंह लोधी ने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर से करनी चाहिए। जब हर परिवार अपने घर को स्वच्छ रखेगा, तभी मोहल्ले और गांव को भी साफ-सुथरा रखा जा सकेगा।

सरपंच प्रतिनिधि विनयंज जैन ने कहा कि गांधी जयंती पर इस तरह का आयोजन ग्रामीणों के लिए जागरूकता का संदेश देता है। पूर्व सरपंच फरमान खान ने कहा कि स्वच्छता अभियान जैसे कार्यक्रमों से लोगों में अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने की जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।

जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक दीपचंद मालवीय ने कहा कि बापू ने स्वच्छता और अनुशासन का जो मार्ग दिखाया, उस पर चलते हुए सभी को अपने आसपास के स्थानों को स्वच्छ रखने का प्रयास करना चाहिए।

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच प्रतिनिधि विनयंज जैन, पूर्व सरपंच फरमान खान, कवि चन्द्रभान सिंह लोधी, उपसरपंच सुनील शाह, जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक दीपचंद मालवीय, नवांकुर संस्था के रामकुमार राय, परामर्शदाता संकेत नामदेव, प्रस्फुटन समिति तेजगढ़ से दर्शन नामदेव, राजा रैकवार, प्रांजुल नामदेव, मोहन आदिवासी, पूरन सिंह लोधी, नीलेश सिंह लिम्मरदार, जगत सिंह लोधी, रूपसिंह लिम्मरदार, जशपाल और जनमेजय गौतम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ